मौसम विभाग ने अरब सागर पर बना चक्रवाती तूफान महा अब दिशा को लेकर अलर्ट जारी किया है। यह तूफान अब गुजरात का रुख करेगा। तूफान का असर मंगलवार से ही गुजरात में दिखाई देने लगेगा। तूफान से महाराष्ट्र, गुजरात, दमन और दीव के साथ साथ दादर एवं नगर हवेली के कुछ हिस्सों में 6 और 7 नवंबर तक आंधी के साथ भारी बारिश हो सकती है।
तूफान से दक्षिण कोंकण और दक्षिण महाराष्ट्र के इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश शुरू होने के आसार हैं। लेकिन मध्य प्रदेश और राजस्थान के बाकी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश की संभावना है। पूर्वी तटों आंध्र प्रदेश से लेकर तमिलनाडु तक मौसम शुष्क रहेगा। तेलंगाना में भी बारिश की संभावना कम है लेकिन तटीय कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और केरल के कई स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है।
स्काइमेट की ओर से जारी ऑल इंडिया बुलेटिन में कहा गया है कि J&K के पास से एक पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ रहा है। इससे Delhi NCR समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में उत्तर पश्चिमी शुष्क हवाएं पहुंचनी शुरू हो गई हैं जिससे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में रहने वाले लोगों को प्रदूषण से निजात मिलेगी। यही नहीं एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी J&K के पास आने वाला है जिससे मंगलवार को J&K और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होगी। यही नहीं इससे निचले इलाकों में बारिश भी हो सकती है।