प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर और गलन रही बरकरार

लखनऊ

प्रदेश में विभिन्न जिलों में बुधवार को शीतलहर और गलन बरकरार रही। कुछ स्थानों पर धूप खिली पर ठंड के आगे बेअसर रही। तापमान में गिरावट दर्ज की गई। उत्तरी-पश्चिमी हवा चलने के कारण प्रदेश भर में गलन बरकरार है। ऐसे में राजधानी Lucknow के अधिकतम तापमान व न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

बुधवार को अधिकतम तापमान 21.3 व न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले मंगलवार को अधिकतम तापमान 18.4 और न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

कोल्ड फ्रंट के कारण काशी सहित पूरे पूर्वांचल में अभी 2 दिन और गलन भरी ठंड जारी रहेगी। वाराणसी में 2 दिनों से न्यूनतम तापमान घटकर 6.6 डिग्री सेल्सियस पर ही टिका हुआ है। इससे पहले यह आंकड़ा 8.5 डिग्री था। अलीगढ़ में बुधवार सुबह व रात के समय सड़कें कोहरे की चादर से ढक रही हैं। बुधवार को सहारनपुर में न्यूनतम तापमान 4.5, बुलंदशहर में 8.0, बिजनौर में 6.6, मेरठ और मुजफ्फरनगर में 7.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

सभी जिलों में घना कोहरा छाया रहा। दोपहर में हल्की धूप निकली पर ठंड और गलन के आगे बेअसर रही। आगरा में कोहरे के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। गलन बढ़ गई। मथुरा में न्यूनतम तापमान 5 एटा में 9 डिग्री सेल्सियस रहा।

फिरोजाबाद में सुबह कोहरा रहा लेकिन दोपहर अच्छी धूप खिली। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मैनपुरी में कोहरा और गलन  से न्यूनतम पारा भी नीचे की ओर आ गया। यह 7 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *