कोहरे की जद में आकर कार ट्रक में जा घुसी

कोहरे की जद में आकर एक कार अपने आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई। एक की हालत नाजुक है। हादसा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर कन्नौज-इटावा बॉर्डर पर हुआ।

बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह सौरिख थाना क्षेत्र में यह हादसा हुआ। दिल्ली से एक कार लखनऊ जा रही थी। कार में अजीत सिंह निवासी अर्जुनगंज लखनऊ, मनीष वर्मा अलीगंज लखनऊ,  कंचन सिंह निवासी सूरज डीप कंपलेक्स जाप रिंग रोड लखनऊ सवार थे।

कार को  ड्राइवर पंकज सिंह निवासी शिव नगर कॉलोनी पूरे नरसिंह धाम थाना सदर प्रतापगढ़ चला रहा था। कार जैसे ही इटावा की सीमा से कन्नौज की सीमा में पहुंची तभी किलोमीटर 142 पर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में कार सवार सभी लोग जख्मी हो गए।

घायलों को मिनी पीजीआई ले जाया गया,  जहां डॉक्टरों ने अजीत सिंह चौहान, मनीष वर्मा और ड्राइवर पंकज सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि कंचन सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने परिजनों को इस हादसे की जानकारी दे दी है।

Leave a Comment