चारों दोषियों को फांसी देने के लिए लोगों ने निकाला कैंडल मार्च

द्वारका में पिछले 2 महीने से रोजाना रात 8 बजे निर्भया के दोषियों को फांसी पर लटकाने की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकाला जा रहा है। खास बात यह है कि इस मार्च में निर्भया के माता-पिता भी रोजाना शामिल होते हैं। निर्भया की मां बताती हैं कि लोग अपनी इच्छा से मार्च निकाल रहे हैं। यह उन सभी लोगों की लड़ाई है जो महिला सुरक्षा को लेकर शंका से भरे माहौल में जी रहे हैं।

यह लड़ाई उन सभी लड़कियों की लड़ाई है जो घर से नौकरी के लिए, पढ़ाई के लिए, खरीदारी के लिए, अपनों से मिलने के लिए इस उम्मीद के साथ निकलती हैं कि वे काम पूरा होने पर सुरक्षित अपने घर लौट आएंगी। यह उम्मीद यकीन में तभी तब्दील होगा जब लड़कियों के प्रति नकारात्मक सोच रखने वाले लोगों को एक कठोर संदेश दिया जाएगा।

जब तक असामाजिक तत्वों को यह नहीं लगेगा कि उनके कृत्य का अंजाम फांसी हो सकता है, तब तक उनके मन में डर नहीं होगा। आज बदमाश यह सोचते हैं कि कुछ भी हो वे बच निकलेंगे। उनकी सोच को गलत साबित करने की जरूरत है। बता दें कि निर्भया सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले में दोषी विनय शर्मा के वकील AP सिंह ने पटियाला हाउस अदालत में एक अर्जी दायर की है।

इसमें कहा गया है कि विनय को सिजोफ्रेनिया है और उसे इलाज की जरूरत है। अदालत को बताया गया कि विनय के सिर पर गंभीर चोट लगी है और उसके हाथ पर भी प्लास्टर लगा है।

Leave a Comment

x