पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। दिल्ली, हरियाणा और पंजाब समेत मैदानी क्षेत्र के कई राज्यों में बारिश हुई है तो पहाड़ों पर बर्फबारी का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने बताया कि Delhi NCR के इलाकों में शनिवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे।
अगले 24 घंटों में पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के पश्चिमी एवं मध्य भागों में बारिश जारी रह सकती है जबकि उत्तराखंड में 1-2 स्थानों पर बर्फबारी का नजारा भी देखने को मिल सकता है।
हरियाणा में गुरुवार देर शाम से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। सिरसा के डबवाली में सर्वाधिक 27 MM बारिश हुई। वहीं सोनीपत में 21 MM बारिश दर्ज की गई। पानीपत में शुक्रवार सुबह ओले भी गिरे। अंबाला में एक पेड़ की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई।
पंजाब के अधिकांश हिस्सों में सुबह से ही बादल छाए रहे। अमृतसर, पटियाला सहित कई जिलों में हल्की बारिश भी हुई। शनिवार को भी उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में बारिश देखी जा सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में बारिश दर्ज की जा सकती है।