मौसम विभाग ने बताया, अगले 48 घंटों में हाल होगा बेहाल!

दिल्‍ली के लिए पिछले दो-तीन दिन सुकून से बीते हैं। गर्मी कम है और हवा भी चल रही है, लेकिन बुधवार से मौसम का मिजाज फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग की मानें तो बुधवार से दिल्‍ली में पारा एक बार फिर चढ़ना शुरू हो जाएगा। चिलचिलाती धूप के साथ पारा 43 डिग्री सेल्सियस के पार जाने के आसार हैं।

दिल्‍ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सिसय रिकॉर्ड किया गया। मई के महीने के लिए इसे सामान्‍य ही कहा जा सकता है। अगले 48 घंटों में दिल्‍ली और आसपास के क्षेत्रों के तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। राजधानी के लोगों के लिए अच्‍छी खबर यह भी है कि 10 से 12 मई के बीच बारिश होने का अनुमान है।

पिछले हफ्ते कुछ दिनों हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई थी। इस दौरान पारा 39 डिग्री सेल्सियस तक चला गया था, लेकिन अगले 48 घंटों में ये फिर बढ़ना शुरू होगा। इस दौरान दिल्‍ली का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि, इसके बाद वीकेंड पर पारा एक बार फिर गिरने का अनुमान है। शुक्रवार को गरज के साथ बारिश हो सकती है और इस दौरान 30 से 35 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

सोमवार को दिल्‍ली में सबसे अधिक तापमान पालम में 42.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, दिल्‍ली में हवा की शुद्धता 249 एक्‍यूआइ लेवल के साथ ‘खराब’ जोन में रही। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में हवा की क्‍वालिटी में सुधार होगा।

Leave a Comment

x