J&K और आसपास के क्षेत्रों पर एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बीते 24 घंटों के दौरान J&K, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई। यही नहीं पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली एनसीआर और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के साथ छिटपुट जगहों पर ओले भी गिरने की जानकारी है।
अगले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। यही नहीं उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली एनसीआर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
देश के विभिन्न इलाकों में कोहरा भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। दिल्ली से होकर आने जाने वाली Northern Railway region की 12 ट्रेनें लेट हैं। भारी बर्फबारी के दौरान बारामूला में BSF के जवानों की सराहनीय पहलकदमी सामने आई है। BSF की एक टुकड़ी ने खराब मौसम में लेबर पेन से कराह रही एक स्थानीय महिला को पास के अस्पताल पहुंचाया।
दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मंडी जिले के सिराज घाटी में दो इग्लू बनाए गए हैं। J&K में बर्फबारी के बीच हिमस्खलन का खतरा बना हुआ है। रामबन-बनिहाल के बीच भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाइवे बंद है जिससे सात हजार से अधिक वाहन फंसे हुए हैं।