कनिका कपूर का पाचंवा टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद PGI के चिकित्सकों ने बताया हालत स्थिर

बॉलीवुड

कोरोना वायरस कोविड 19 से पीड़ित बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर का पांचवां टेस्ट पॉजिटिव आने के बावजूद राहत की ख़बर है। संजय गांधी PGI के चिकित्सकों ने कनिका की हालत को स्थिर बताया है। कनिका में बीमारी के कोई लक्षण भी नहीं दिख रहे हैं।

कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद से कनिका 20 मार्च से लखनऊ के संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज में आइसोलेशन वॉर्ड में चिकित्सकों की निगरानी में हैं। कनिका का पांचवां टेस्ट भी पॉज़िटिव आया है। इंस्टीट्यूट के निदेशक डॉ. आरके धीमान के हवाले से एएनआई ने ट्वीट किया, जिसमें कहा गया- कनिका कपूर असिम्पटोमैटिक हैं, यानि कोई लक्षण नहीं दिखा रहा है। हालत स्थिर और अच्छी है। वो सामान्य रूप से खाना खा रही हैं। डॉ. धीमान ने कहा कि मीडिया में उनकी हालत ख़राब होने की ख़बरें ग़लत हैं।

कनिका ने ख़ुद भी रविवार की रात Social Media के ज़रिए ठीक होने की सूचना फैंस तक पहुंचाई थी। कनिका ने Instagram पर नोट लिखकर कहा था कि आपकी चिंताओं के लिए शुक्रिया, लेकिन मैं आईसीयू में नहीं हूं। मैं ठीक हूं। उम्मीद करती हूं कि मेरा अगला टेस्ट नेगेटिव आएगा। अपने बच्चों के पास घर जाने का इंतज़ार है। उनकी याद आती है।

कनिका की ख़्वाहिश पूरी नहीं हो सकी, मगर कोविड 19 पॉजिटिव होने के बावजूद लक्षण ना दिखना उनके और परिवार के लिए राहत की ख़बर ज़रूर है। कनिका 9 मार्च को लंदन से मुंबई लौटी थीं, जहां से वो लखनऊ गयी थीं। लखनऊ में कनिका ने पार्टी की। इस दौरान वो कई लोगों के सम्पर्क में आयीं। कुछ दिन बाद कनिका को कोल्ड और हल्का फीवर हुआ। जांच हुई तो उनमें कोविड 19 का संक्रमण मिला था। इसके बाद हड़कम्प मच गया। कनिका को जानकारी छिपाने का दोषी माना जाने लगा। उनके ख़िलाफ़ पुलिस शिकायतें दर्ज़ हुईं। कनिका के सम्पर्क में आये सभी लोग एहतियातन क्वारंटाइन में चले गये। उन सभी को कोरोना वायरस टेस्ट नेगेटिव आये थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *