जाने जाह्नवी कपूर और राजकुमार राव की फ़िल्म रूही कब हो रही रिलीज

बॉलीवुड

सिनेमाघरों में फ़िल्मों की रिलीज़ का सिलसिला धीरे-धीरे रफ़्तार पकड़ रहा है। अब जाह्नवी कपूर और राजकुमार राव की हॉरर कॉमेडी फ़िल्म रूही की रिलीज़ कन्फ़र्म हो गयी है। फ़िल्म अगले महीने 11 तारीख़ को रिलीज़ की जा रही है।

जाह्नवी कपूर ने रिलीज़ की जानकारी Instagram पर शेयर करके लिखा- इस भूतिया शादी में आपका स्वागत है। सिनेमाघरों में जादू लौट रहा है। फ़िल्म 11 मार्च को रिलीज़ हो रही है। रूही का निर्माण जियो स्टूडियोज़ और दिनेश विजन की कम्पनी मैडॉक फ़िल्म्स और मृगदीप सिंह लाम्बा ने किया है।

दिनेश विजन इससे पहले स्त्री जैसे सफल और सराही गयी हॉरर-कॉमेडी फ़िल्म स्त्री बना चुके हैं। फ़िल्म का निर्देशन हार्दिक मेहता ने किया है। फ़िल्म का ट्रेलर मंगलवार को रिलीज़ किया जाएगा।

टीज़र से लगता है कि इसकी कहानी एक रूह की शादी के इर्द-गिर्द घूमती है। रूही 11 मार्च को महा शिवरात्रि के मौक़े पर मिड-वीक में रिलीज़ हो रही है। फ़िल्म को 4 दिन को लम्बा ओपनिंग वीकेंड मिलेगा।

रूही का नाम पहले रूही आफ़ज़ा था। रूही का एलान 2019 में किया गया था। फ़िल्म पिछले साल जून में रिलीज़ होने वाली थी, मगर पैनडेमिक में सिनेमाघर बंद होने से फ़िल्म की रिलीज़ स्थगित कर दी गयी थी। रूही, बॉलीवुड में हॉरर-कॉमेडी फ़िल्मों की परम्परा को आगे बढ़ा रही है।

2018 में रिलीज़ हुई स्त्री ने बॉक्स ऑफ़िस पर बेहतरीन प्रदर्शन किया था। फ़िल्म में राजकुमार राव, श्रद्धा कपूर, अभिषेक बैनर्जी, अपारशक्ति खुराना और पंकज त्रिपाठी ने मुख्य किरदार निभाये थे। स्त्री का निर्देशन अमर कौशिक ने किया था।

रूही में राजकुमार राव और जाह्नवी कपूर के अलावा वरुण शर्मा, पंकज त्रिपाठी, एलेक्स ओनेल, सीमा पाहवा, आमना शरीफ़ और रोनित रॉय अहम किरदारों में दिखेंगे। जाह्नवी कपूर 2018 में धड़क से डेब्यू के बाद अब बड़े पर्दे पर लौट रही हैं।

जाह्नवी की पिछली फ़िल्म गुंजन सक्सेना- द कारगिल गर्ल पिछले साल नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ कर दी गयी थी। इसके अलावा नेटफ्लिक्स की एंथोलॉजी फ़िल्म घोस्ट स्टोरीज़ में भी जाह्नवी नज़र आयी थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *