उत्तर प्रदेश के बलिया में मानसिक रूप से बीमार किशोरी के साथ पड़ोस के ही एक अधेड़ व्यक्ति ने दरिंदगी की। हैवानियत की शिकार किशोरी को प्रसव पीड़ा हुई तो परिजनों को घटना के बारे में पता चला।
बलिया जनपद के नरही थाना क्षेत्र के एक गांव में मानसिक रूप से बीमार किशोरी के साथ पड़ोस के अधेड़ व्यक्ति ने दुष्कर्म किया। किशोरी के गर्भवती होने पर मामले की जानकारी परिजनों को हुई। प्रकरण में सोशल मीडिया और ट्विटर पर वीडियो अपलोड कर आरोप लगाया गया कि नरही थाना प्रभारी ने प्रार्थी की शिकायत नहीं सुनी, थाने से भगा दिया। मामले में पुलिस की ओर से पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता को थाने से भगाने का आरोप झूठा है। भगाने का जो वीडियो वायरल हुआ है, वह झूठा है। सीओ जगबीर सिंह चौहान ने बताया कि पीड़िता के पिता की ओर से पड़ोसी के खिलाफ तहरीर दी गई थी। आठ माह पहले उसकी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म हुआ था। लड़की गर्भवती थी, उसको मृत बच्चा पैदा हुआ। मुकदमा दर्ज कर आरोपी गोपाल पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है।
रिपोर्टर जितेन्द्र यादव