पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज गुरुवार को दोपहर बाद करीब 3:30 बजे जौनपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगी। एक दिन पूर्व ही चुनावी तैयारियों के लिए कांग्रेसी दिग्गजों का जमावड़ा जौनपुर में होने लगा था। पूर्वांचल में कांग्रेस को संजीवनी देने के लिए चुनावी समीकरणों को साधने को प्रियंका की काफी डिमांड बनी हुई है।
प्रियंका गांधी जौनपुर जिले में बदलापुर स्थित सरोखनपुर स्थित डाक बंगला बगीचे में जनसभा को संबोधित करेंगी। वह जौनपुर से कांग्रेस प्रत्याशी देवव्रत मिश्र और मछलीशहर से कांग्रेस के इस चुनाव में सहयोगी दल जनअधिकारी पार्टी के उम्मीदवार डा. अमरनाथ पासवान के भी चुनावी समीकरणों को साधेंगी। प्रियंका की जनसभा हालांकि जौनपुर लोकसभा में ही हो रही है।
इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की खेवनहार बन कर सक्रिय राजनीति में उतरीं राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का यह जिले में प्रथम आगमन है। इसी वजह से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में गुरुवार की सुबह से ही अच्छा खासा उत्साह बना हुआ है। मंगलवार को मायावती और अखिलेश यादव की बड़ी संयुक्त चुनावी रैली भाजपा और कांग्रेस दोनों के ही लिए चुनौती मानी जा रही है। अपेक्षित भीड़ जुटाकर विपक्षियों को आइना दिखाने के प्रयास में दोनों दलों के उम्मीदवार, रणनीतिकार व कार्यकर्ता पूरी ताकत झोंक चुके हैं।