हेमंत ने 50 विधायकों के साथ राज्यपाल को सौंपा अपना समर्थन पत्र

हेमंत सोरेन झारखंड के नए CM के रूप में 29 दिसंबर, रविवार को राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में दोपहर 1 बजे शपथ लेंगे। हेमंत ने कहा कि हमने अपने दावा पेश कर दिया है। हमने 50 विधायकों के साथ राज्‍यपाल को अपना समर्थन पत्र सौंपा। हमने महामहिम से राज्‍य में नई सरकार के गठन के लिए अनुमति मांगी।

29 दिसंबर को रांची के मोरहाबादी में शपथ ग्रहण समारोह होगा। राजद नेता तेजस्‍वी यादव ने कहा कि हमने 50 विधायकों के साथ अपना दावा पेश कर दिया है। अब मोरहाबादी में हम पूरी ताकत से रविवार को जुटेंगे। कांग्रेस अध्‍यक्ष रामेश्‍वर उरांव ने 5 साल तक पूरी मजबूती से सरकार चलाने का दावा किया।

महागठबंधन के 47 विधायकों से इतर बाबूलाल मरांडी की पार्टी झारखंड विकास मोर्चा के 3 विधायक भी सरकार में शामिल होंगे। ताजा घटनाक्रम के बाद यह तय हो गया है कि झारखंड विधानसभा चुनाव के नतीजे के बाद नए साल से ठीक 2 दिन पहले अब झारखंड को नई सरकार मिल जाएगी।

झामुमो की अगुआई में महागठबंधन सरकार बनाने के लिए हेमंत सोरेन ने राज्‍यपाल द्रौपदी मूर्मू से मिलकर दावा पेश कर दिया है। हेमंत के साथ कांग्रेस नेता आरपीएन सिंह और राजद नेता तेजस्‍वी यादव भी राज्‍यपाल से मिले। मंगलवार रात करीब पौने 9 बजे नवनिर्वाचित विधायकों के साथ हेमंत राजभवन पहुंचे। झारखंड विधानसभा चुनाव का जनादेश झामुमो-कांग्रेस-राजद महागठबंधन के पक्ष में आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *