गुरुवार दोपहर तेज धूप से बदले माहौल को शाम को हुई जबरदस्त ओलावृष्टि ने मिनटों में बदल कर रख दिया। शहर के अलग-अलग हिस्सों में गिरे ओलों ने सड़कों पर सफेद बर्फ की चादर बिछा दी। बारिश और ओलों की वजह से एक बार फिर तापमान तेजी से गिरा और दिन में ठंड से राहत महसूस कर रहे शहरवासी शाम को फिर घरों में दुबक गए।
पिछले कई दिनों से शहर का मौसम बहुत ज्यादा सर्द था। पारा शून्य तक पहुंच गया था नए वर्ष से दिन में धूप निकलने से मौसम में ठंड का प्रकोप कुछ कम हुआ था। गुरुवार दोपहर भी धूप निकली तो पारा 23 डिग्र्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह सामान्य से 3 डिग्र्री सेल्सियस अधिक था।
न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दोपहर बाद अचानक मौसम का रुख बदलने लगा। आकाश में बादल छा गए और बिजली की चमक, गरज के बीच ओले गिरने लगे। बिठूर क्षेत्र में तो करीब 15 मिनट तक लगातार ओले गिरते रहे। इसके चलते सड़कों पर सन्नाटा छा गया।
इस दौरान करीब आधे घंटे तक बारिश होती रही।चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के विशेषज्ञ डॉ. नौशाद खान के मुताबिक अभी 4 जनवरी तक बारिश हो सकती है।