विचारों में विलक्षण नहीं सरलता का हो समावेश

अपनी कल्पनाशक्ति, सज्जनों की संगति और महापुरुषों के जीवन को समृद्ध कर सकते हैं। एक ग्रामीण को किसी ने कुछ समय के लिए अपनी गाय दे दी। ग्रामीण ने गाय को खुशी-खुशी स्वीकार कर लिया। एक दिन किसी ने पूछा – कैसा लग रहा है? तो उसने कहा कि बहुत  अच्छा, क्योंकि गाय का सानिध्य और दूध मिल रहा है। लगभग एक महीने बाद गाय का मालिक अपनी गाय वापस ले गया। अब फिर किसी ने पूछा कि अब क्या हाल है, तो गामीण ने उसी सरलता से कहा कि बहुत अच्छा, क्योंकि अब गोबर साफ नही करना पड़ता है।

परिस्थितियों के अनुसार मन:स्थिति बदलने का विचार बेहतरीन है। विचार सभी के पास होते हैं। आचार को सदाचार और व्यवहार को साकार करने वाले विचार ही अनुकरणीय होते हैं। विचार विलक्षण नहीं, बल्कि सरल होने चाहिए। एक बात की बात है। एक कस्बे में कुछ मजदूर काम कर रहे थे। अचानक उनका काम रुक गया, क्योंकि एक तार को टेढ़ी सुरंग से होकर दूसरी  तरफ लाना था। बहुत कोशिश करने के बाद तकनीशियन खामोश होकर बैठ गए। तभी वहां एक मजदूर का किशोर पुत्र खाना देने आया। उसने कहा कि वह एक कोशिश करना चाहता है। उसे अनुमति मिल गई। अब उसने एक रोटी का टुकड़ा बांधकर उस तार को सुरंग में भीतर सरका दिया। कुछ ही पलों में उस सुरंग के दूसरे छोर पर एक चूहा रोटी के साथ तार को भी पार करा लाया। सभी हैरान रह गए, क्योंकि किसी ने इतनी आसान बात सोची ही नहीं थी। इसी तरह अनेक लोगों के उदाहरण से आजकल मैनेजमेंट की कक्षाओं में विचारों को धैर्य से लागू करना सिखाया जाता है।

विचारों में संवेदनशीलता बहुत अनिवार्य है, लेकिन विचारों की दशा विचित्र होती है। कभी-कभी कुछ और सोचकर काम किया जाता है और परिणाम कुछ और ही निकल जाता है। इस संदर्भ में यह कहानी बहुत मजेदार है। सीधा-सादा ग्रामीण एक हाट से गधा खरीद कर लाया। दोनों जंगल के रास्ते गांव जा रहे थे। रास्ते में एक सूखे हुए कुएं में अचानक गधआ गिर गया।

ग्रामीण ऐसा घबरा गया कि अब गधा कुएं से कभी भी निकल नहीं सकेगा, यह सोचकर वह कुएं को मिट्टी से भरने लगा। थोड़ी देर में गधे को मिट्टी की उचांई का सहारा मिला तो वह कूद कर  बाहर निकल आया। बेचारा देहाती खुशी से सराबोर हो गया। जिस तरह नमक हमारे भोजन का आधार है, उसी तरह  विचारों में सूझ-बूझ भी समस्या का से निकलने का मार्ग है। सूझ-बूझ से वह तकरीब निकाली जा सकती है, जिससे हमें परेशानी से छुटकारा मिल सकता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *