कुंडली पढ़ इस शख्स नें बताया, अब मोदी की कुंडली में नहीं लिखा है प्रधानमंत्री बनना

चित्रकूट के मऊ में बांदा-चित्रकूट संसदीय सीट से कांग्रेस उम्मीदवार बाल कुमार पटेल के समर्थन में जनसभा करने आए राज्यसभा सांसद व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने बेरोजगारी, बुंदेलखंड की अन्ना प्रथा और सेना के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाकर भाजपा पर सीधा निशाना साधा। कहा कि राम की तपोभूमि के लोग भाजपा को जवाब देकर यहां से देश को संदेश दें। कहा कि वह कुंडली पढ़ लेते हैं। अब मोदी की कुंडली में प्रधानमंत्री बनना नहीं लिखा है।

मऊ कस्बा स्थित पंडित पुरुषोत्तम द्विवेदी इंटर कालेज परिसर में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि भाजपा अपनों को भी समय आने पर छोड़ देती है। बांदा-चित्रकूट सांसद भैरों प्रसाद मिश्र का टिकट काटने का हवाला देकर तंज कसा। कहा कि इसी तरह आडवाणी, जोशी, कलराज मिश्र किनारे कर दिए गए। इसलिए अब तय कर कांग्रेस को मजबूत करें। जनता का रुख जानते हैं।

इसीलिए अपने क्षेत्र से लगातार दस बार जीत चुके हैं। जनता अब भाजपा को हटाने का मन बना चुकी है। इसका अंडर करंट चुनाव परिणाम में दिखेगा। कहा कि पाठा जलकल योजना बंद हो गई। बरगढ़ ग्लास फैक्ट्री का काम ठप है। कांग्रेस सरकार बनी तो इन पर पूरा काम होगा। सभी को रोजगार मिलेगा। छह हजार की किसान सम्मान निधि पर हमला बोला।

कहा कि प्रतिमाह पांच सौ में क्या होगा। कांग्रेस न्याय योजना के तहत प्रतिमाह छह हजार देगी। कांग्रेस जो कहती है वह करती है। उन्होंने बजरंगबली मुद्दे को भी छुआ। कहा भाजपा वाले उनकी भी जाति बता रहे। अब उनको गुस्सा आने पर ये गद्दी से उतार दिए जाएंगे। सेना के नाम पर राजनीति करने वाले खुद मसूद अजहर को छोड़ कर आए थे। अब राम की धरती चित्रकूट से लोग झूठ बोलने वाले भाजपाइयों को कड़ा संदेश दें।

पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि उनके लिए आज भी चित्रकूट बांदा का हिस्सा है। भले वह अलग जिला बन गया लेकिन वह जनता के कर्जदार हैं। यहां सपा से चुनाव लडऩे वालों ने जनता के लिए कुछ नहीं किया। वह पैरों में घुंघरू बंधाने की बात कहकर फिर जनता को बेहाल कर प्रयागराज चले गए। भाजपा के उम्मीदवार को उंगली पकड़ कर चलना सिखाया। दोनों को जनता देख चुकी है।

इसलिए अब कांग्रेस उम्मीदवार बाल कुमार को आशीर्वाद दें। बांदा-चित्रकूट की जनता का मेरे ऊपर अहसान है, जो कभी उतर नहीं सकेगा। उनके बाद बेटे हमेशा ऋणी रहेंगे। कहा कि 18 हजार करोड़ के काम बुंदेलखंड के इन दोनों जिलों में कराए हैं। हम भले दुनिया से चले जाएं लेकिन आपके कर्जदार थे, हैं और रहेंगे। इसलिए एक वोट उनको और एक बाल कुमार को दें। इस बार बुंदेलखंड की धरती से बड़ा संदेश जाना चाहिए।

 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *