चिन्मयानंद प्रकरण को लेकर योगी सरकार से दो-दो हाथ करने के लिए राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा राजधानी लखनऊ पहुंची हैं। लखनऊ एयरपोर्ट से वह शहीद स्मारक पहुंची। यहां हजारों की संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। शहीदों की श्रद्धांजलि देने के बाद प्रियंका वाड्रा ने कांग्रेस के बड़ा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मौन पदयात्रा शुरू की। बीच रास्ते में उन्होंने हनुमान मंदिर में नमन किया। इसके बाद वह जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पहुंचीं और गांधी जी को पुष्पांजलि अर्पित की।
इससे पहले राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी को गांधी जी के दिखाए सत्य के मार्ग पर चलना है तो पहले उसको सच्चा होना पड़ेगा। प्रियंका ने कहा कि भाजपा को पहले सत्य के मार्ग पर चलना होगा, उसके बाद वह महात्मा गांधी जी की बात करे। उन्होंने योगी सरकार पर निशाना साधते हुआ कहा कि यूपी में महिलाओं और कमजोर लोगों पर अत्याचार हो रहा है। हम महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं।
पदयात्रा के बाद प्रियंका प्रदेश मुख्यालय पहुंचेंगी। यहां कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगे के आंदोलन की रणनीति पर चर्चा कर सकती हैं। उसके बाद का कार्यक्रम अभी तय नहीं है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि प्रियंका लखनऊ में दो दिन का प्रवास कर सकती हैं। वह यहां या रायबरेली में रात्रि विश्राम कर गुरुवार को शाहजहांपुर जा सकती हैं।