बलिदानी दारोगा के स्वजनों से मिलकर मंत्री ने बांटा दुख

प्रतापगढ़ : प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह मंगलवार दोपहर मांधाता ब्लाक क्षेत्र स्थित बेलखरी गांव में  बलिदानी दरोगा अनूप सिंह के घर पहुंचे। उनके पिता रमेश बहादुर सिंह और पत्नी नीतू सिंह को ढांढस बंधाते समय वहभावुक हो गए। उनका दुख बांटा और सांत्वना के साथ यह संदेश दे गए कि जिन अपराधियों ने यह कायराना कृत्य किया है, उन्हें यूपी पुलिस सबक सिखाकर रहेगी।

कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह के साथ प्रतापगढ़ के सांसद संगम लाल गुप्ता और विश्वनाथगंज क्षेत्र के विधायक डॉ. आरके वर्मा भी थे। कैबिनेट मंत्री ने सबसे पहले शहीद दारोगा अनूप सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। फिर उनकी पत्नी नीतू सिंह से मिलकर उन्हें दिलासा देते हुए कहा कि इस संकट की घड़ी में सभी उनके साथ हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरफ से अनुकंपा राशि के रूप में 80 लाख की सहायता राशि का डिपाजिट सर्टिफिकेट भी सौंपा। यह भी आस्वस्त किया कि उनकी तरफ से परिवार के जिस सदस्य का नाम भी वह प्रस्तावित करेंगी, मुख्यमंत्री की तरफ से उसे सरकारी नौकरी मिलेगी। इसके बाद वह अनूप सिंह के पिता रमेश बहादुर सिंह से मिले। उन्होंने शहीद के वृद्ध पिता के कंधे पर हाथ रखा तो वह फफक कर रो पड़े। मंत्री ने सांत्वना देते हुए कहा कि उनके बेटे ने नाम रोशन किया है। हम सब परिवार के इस असहनीय दुख में साथ हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें और उनकी पत्नी को 10-10 लाख का डिपाजिट सर्टिफिकेट सौंपा। इस दौरान अनूप की मां भी उनके सामने रो पड़ीं। मंत्री महेंद्र सिंह भी भावुक हो उठे और उन्हें शांत कराते हुए कहा कि वह एक ऐसे वीर सपूत की माता हैं, जिन पर सभी को नाज है। उन्होंने घर के प्रांगण में खड़े स्वजनों और ग्रामीणों के समक्ष घोषणा की कि शहीद दारोगा के नाम गांव से लेकर मुख्य सड़क तक पक्की रोड बनेगी और शहीद द्वार भी बनेगा। इसी के साथ गांव में पानी की एक टंकी भी बनेगी। इस मौके पर जिलाधिकारी डॉ. रूपेश कुमार, एसपी अभिषेक सिंह, परियोजना निदेशक डॉ. आर.सी शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र द्विवेदी सहित कई अधिकारी एवं भाजपा नेता गिरधारी सिंह, विक्रांत सिंह दिनेश कुमार गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे। अपराधियों को चौराहे पर गोली मार देनी चाहिए।

कैबिनेट मंत्री से शहीद दारोगा के पिता रमेश बहादुर ने रोते हुए कहा कि उनके बेटे और अन्य पुलिस कर्मियों पर कायराना हमला करने वाले अपराधियों को चौराहे पर खड़ा कर गोली मार देना चाहिए। मंत्री महेंद्र सिंह ने आश्वस्त किया कि यूपी पुलिस बदमाशों को सबक सिखाकर रहेगी। पुलिस कर्मियों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।

रिपोर्ट बीपी पांडे

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *