कांग्रेस ने दिल्ली में इन चार सीटों पर तय किए उम्मीदवार

लोकसभा चुनावों के लिए दिल्ली की सात में से चार सीटों पर कांग्रेस ने उम्मीदवारों के नाम तय कर दिए हैं। गुरुवार शाम कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय में हुई केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक में इसका फैसला किया गया। उम्मीदवारों के नामों की घोषणा दो-तीन दिनों में होने की संभावना है।

पार्टी सूत्रों की मानें तो केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक में हरियाणा और दिल्ली की लोकसभा सीटों पर विचार-विमर्श किया गया। सूत्रों की मानें तो बैठक में चार सीटों पर उम्मीदवार तय कर लिए गए हैं। इसमें नई दिल्ली से अजय माकन, चांदनी चौक से कपिल सिब्बल, उत्तर पूर्वी दिल्ली से जयप्रकाश अग्रवाल और उत्तर पश्चिमी दिल्ली से राजकुमार चौहान का नाम है।

लोकसभा चुनावों के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की संभावना लगभग समाप्त हो गई है। कांग्रेस के दिल्ली प्रभारी पीसी चाको ने गुरुवार को स्पष्ट कहा कि ‘आप’ से गठबंधन के दरवाजे बंद हो चुके हैं।

चाको ने कहा कि पार्टी सातों सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच लगभग डेढ़ महीने से चल रही गठबंधन की अटकलों पर अब विराम लगता दिख रहा है। एक दिन पहले ही ‘आप’  नेता संजय सिंह ने कहा था कि कांग्रेस के साथ गठबंधन के दरवाजे बंद हो चुके हैं। गुरुवार को कांग्रेस नेता ने इस पर पलटवार किया।

दिल्ली कांग्रेस प्रभारी पीसी चाको ने गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित से मुलाकात की। इस दौरान सातों सीट के लिए उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की गई। सूत्रों की मानें तो पार्टी अपने पूर्व सांसदों पर ही लोकसभा चुनावों में भरोसा करने जा रही है। इसी के अनुसार उम्मीदवारों के पैनल तैयार किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *