जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स ने इस खबर की पुष्टी की है। स्थानीय मीडिया का कहना है कि उन्होंने लगातार बिगड़ रही अपनी स्वास्थ्य स्थिति के कारण यह फैसला लिया है। 65 साल के आबे लंबे समय से पेट से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे हैं। इस दौरान उन्हें कई बार हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा। पिछली बार वह हॉस्पिटल में करीब 7 घंटे तक रहे थे।
शिंजो आबे ने इस्तीफा देने का इरादा किया है क्योंकि उनकी सेहत खराब हो गई है और उन्हें चिंता है कि इससे देश में परेशानी होगी। बता दें कि शिंजो आबे का कार्यकाल सितबंर 2021 तक था। स्वास्थ्य कारणों की वजह से उन्हें 2007 में भी प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था।
सोमवार को शिंजो आबे ने अपने कार्यालय में 8 साल पूरे किए और वह जापान के सबसे ज्यादा समय तक रहने वाले प्रधानमंत्री बन गए थे। इससे पहले यह रिकार्ड उनके चाचा इसाकु सैतो के नाम था। हाल के दिनों में कोरोना वायरस को ठीक से नहीं संभालने पर उनकी लोकप्रियता में भी करीब 30 प्रतिशत की कमी आई है। 65 साल के आबे ने देश की अर्थव्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने का वादा किया था।