शासन व प्रशासन की लाख कोशिशों के बावजूद जिम्मेदार सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। लुका छिपी के खेल में माहिर जिम्मेदार मौका मिलते ही अपनी हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। इसी क्रम में ब्लॉक परिसर में निर्मित अस्थाई गौशाला में प्रकाश की व्यवस्था हेतु 2 सोलर पैनल लगाए गए थे। जिनमें 1 सोलर की प्लेट व बैटरी गायब हो गई। जिसकी कोई सूचना ना ही स्थानीय Police को दी गई और ना ही इसके विषय में जिम्मेदारों को पता है।
इस सम्बन्ध में खण्ड विकास अधिकारी सन्ध्या रानी ने अनभिज्ञता जताते हुए बताया कि उन्हें इस सम्बन्ध में कोई जानकारी नहीं है। पता करते हैं, वहीं अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी आविद अली ने बताया कि पैनल का पोल टूट जाने के कारण पैनल व बैटरी रखवा दी गई है। पोल मौके पर पड़ा हुआ है। जबकि ग्राम प्रधान एवं गौशाला संरक्षक अमित गुप्ता ने बताया कि कुछ दिन पूर्व पोल टूट गया था। पैनल व बैटरी दोनों सफाई कर्मी सर्वेश के सुपुर्द कर रखवा दिए थे। जो मौके पर नहीं हैं।
ब्लॉक के ही एक जिम्मेदार कर्मी द्वारा दोनों चीजें कहीं भेज दी गईं। जिन्हें छुपाने का पूरा प्रयास जारी है। इस तरह लाख सख्ती के बावजूद हेराफेरी की लत से मजबूर सम्बन्धित जिम्मेदार हाथ साफ करने का कोई भी मौका जाया नहीं करते।