सेंट्रल जेल में दो गुटों के बीच झगड़ा बड़े विवाद में तबदील हो गया। जेल में एक कैदी की मौत के बाद झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया। कैदियों ने जेलकर्मियों से मारपीट शुरू की तो Police को फायरिंग करनी पड़ी। दो घंटे तक रुक-रुक कर हुई फायरिंग व पत्थरबाजी में डीएसपी सहित कई पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। DSP के सिर पर गंभीर चोट आई हैं। कैदियों ने डीएसपी की गाड़ी को भी फूंक दिया। जिला उपायुक्त प्रदीप कुमार अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे।
पहले आशंका जताई जा रही थी कि कैदी की फायरिंग में मौत हुई है, लेकिन बाद में स्थिति पर काबू पाने के बाद DC ने बताया कि कैदी की नेचुरल डेथ हुई थी, जिस कारण कैदी भड़के। इस बीच, जेल मंत्री सुखजिंदर रंधावा ने एडीजीपी जेल रोहित चौधरी से पूरे घटनाक्रम की जानकारी मांगी है। जेल मंत्री ने जेल में दो सिलेंडर फटने की बात भी कही है।
फायरिंग में मारे गए व्यक्ति की पहचान संदीप सूद के रूप में हुई है। फायरिंग के बीच कई कैदियों ने जेल से भागने की कोशिश की। यह कैदी दीवार फांदकर भागने की कोशिश कर रहे थे। बताया जा रहा है कि नौ कैदी भागने में कामयाब हो गए हैं। भाग रहे चार कैदियों को पकड़ लिया गया है।